बच्चों को भारतीय संविधान और आत्मनिर्भर भारत पर दी विस्तृत जानकारी
पाली। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर सांसद एवं पूर्व केन्द्रीय राज्य मंत्री पीपी चौधरी द्वारा तखतगढ़ और सुमेरपुर में सांसद खेल महाकुम्भ का आयोजन किया गया। इस आयोजन में क्षेत्र की सरकारी एवं गैर सरकारी स्कूलों के हजारों बच्चों ने बड़े उत्साह के साथ भाग लिया। आयोजन में विभिन्न खेलों का आयोजन हुआ, जिसमें बच्चों ने अपने खेल कौशल का लाजवाब प्रदर्शन किया। इस मौके पर सांसद चौधरी ने बच्चों को उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि वे खेल और खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने और उन्हें एक प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत हूं। हमारे ग्रामीण और पंचायत स्तर पर बहुत सी अनूठी प्रतिभाएं मौजूद हैं, जिन्हें बस ढूंढकर सामने लाने के लिए एक मंच की जरूरत है और सांसद खेल महाकुंभ इसी दिशा में एक अनुपम प्रयास है। भारत सरकार और प्रधानमंत्री मोदी ने सुनिश्चित किया है कि खिलाड़ियों को बेहतरीन मंच मिले, वो खेलों को कॅरिअर के तौर पर देखें। खेलो इंडिया और फिट इंडिया जैसी पहल के माध्यम से युवा प्रतिभा का पोषण करना।
इसके अलावा अब हर जिले खेलो इंडिया के विश्व स्तरीय खेल सेंटरस की घोषणा भी मोदी सरकार ने की है। जहाँ हर जिले के प्रतिभाशाली खिलाडी के हुनर को और तराशा जाएगा। सांसद चौधरी ने कहा कि वे आज राष्ट्रीय खेल दिवस पर, सभी खिलाड़ियों को सलाम करते है, जो अपने जुनून और कड़ी मेहनत से भारत को गौरवान्वित कर रहे हैं। हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद को उनकी जयंती के अवसर पर श्रद्धांजलि अर्पित करता हूँ। मेजर ध्यानचंद खेल की अभूतपूर्व किंवदंती थे, जिन्होंने तीन ओलंपिक स्वर्ण पदक जीते और अपनी जादुई तकनीक से लाखों लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनकी प्रतिभा, उपलब्धियां और मातृभूमि के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा। सांसद ने कहा कि हम सभी जानते है कि प्रधानमंत्री मोदी ने उन्हे सच्ची श्रद्धांजलि देते हुए और भारतीय जनमानस कि भावना की कद्र करते हुए खेल रत्न पुरुस्कार को मेजर ध्यानचंद के नाम किया। इससे सरकार का खिलाड़ियों के प्रति सजग भाव झलकता है।

युवा पीढ़ी पर निर्भर विकसित भारत: सांसद चौधरी ने राउमावि सुमेरपुर में आयोजित भारतीय संविधान और आत्मनिर्भर भारत के विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने लोकतंत्र के मंदिर में चलने विधायी कार्यों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। विधानसभा, लोकसभा और राज्यसभा के कार्यों की जानकारी देकर उनके कार्य विभाजन को बड़ी बारीकी से समझाया। सांसद चौधरी ने कहा कि भारत का संविधान एक परिसंघ संविधान है जिसके अंतर्गत संघ और राज्यों के लिए अलग-अलग व्यवस्था दी गई है। परिसंघ संविधान के लिए सबसे आवश्यक बात यह है कि संघ और राज्यों के बीच शक्तियों का बंटवारा निश्चित होना चाहिए जिससे दोनों के बीच टकराव की स्थिति का जन्म नहीं हो।
प्रत्येक देश की स्थानीय और राजनीतिक परिस्थितियों के अनुसार शक्ति विभाजन भी भिन्न-भिन्न होता है। भारत सरकार अधिनियम 1935 में भी 3 अनुसूचियों का समावेश किया गया था। संघ सूची राज्य सूची समवर्ती सूची भारत के संविधान में उक्त अधिनियम की प्रणाली का अनुसरण किया गया और राज्यों को तीन सूची में विभाजित किया गया। उन्होंने संघ सूची, राज्य सूची और समवर्ती सूची के साथ ही लोकसभा एवं राज्यसभा की विभिन्न समितियों के बारे में बच्चों को ज्ञानवर्धक जानकारी दी। सांसद चौधरी ने बच्चों को आत्मनिर्भर भारत अभियान से जुड़ने कहा आह्वान करते हुए भारत की मौजूदा वैश्विक स्थिति पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वर्तमान में भारत विश्व की पांचवी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है।

यह इस बात को द्योतक है कि हमारा भारत अब आत्मनिर्भर बनने की दिशा में एक लंबी छलांग लगा चुका है। आज हर क्षेत्र में हमारा भारत अपने यहां बनी सामग्री का इस्तेमाल करता है। पहले कई देशों से हमें वस्तुओं को आयात करना पड़ता था। लेकिन आज स्थिति ऐसी बदली है कि हम कई देशों को निर्यात कर रहे हैं। सांसद चौधरी ने बच्चों से प्रधानमंत्री मोदी द्वारा दिए गए पंच प्रण को अपनाने को होगा। इसमें देश को विकसित भारत के बढ़ाने में हर देशवासी की भूमिका, विदेशी वस्तुओं पर निर्भरता वाली गुलामी की मानसिकता, देश की विरासत और संस्कृति पर गर्व करना, एकता और देश के प्रति हमारे कर्तव्यों का निर्वहन करना। इन सभी प्रणों को पालन से हमारी युवा पीढ़ी को अगले 25 वर्षों में हम 26 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था दे पाएंगे। 2047 में, जब हम स्वतंत्रता के 100 वर्ष मनाएंगे, भारत के पास दुनिया का सबसे युवा और सबसे कुशल कार्यबल होगा। पांच संकल्प तेजी से आर्थिक विकास सुनिश्चित करेंगे और निरंतर विकास लिए पूर्ण रूप से आत्मनिर्भर भारत का संकल्प साकार होगा।
व्याख्यान के बाद सांसद खेल महाकुम्भ के तहत विभिन्न मैत्री खेलों का आयोजन हुआ, जिसमें क्षेत्र की सभी स्कूलों के बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। सांसद चौधरी की ओर से सभी खिलाड़ियों को स्मृति चिन्ह के साथ निःशुल्क टी-शर्ट भी वितरित किए गए। इस दौरान सुमेरपुर विधायक जोराराम कुमावत, नगरपालिकाध्यक्ष सुमेरपुर उषा राठौड़, नगरपालिकाध्यक्ष तखतगढ़ ललित रांकावत, उपाध्यक्ष तखतगढ़ मनोज नामा, मण्डल अध्यक्ष महेन्द्र माली, लक्ष्मण घांची, रविकांत रावल, विजय मरूधर, सुरेश रावल, समस्त विद्यालयों के संस्था प्रधान, स्टॉफगण, स्कूली बच्चे सहित स्थानीय जनप्रतिनिधिगण और बड़ी संख्या में आमजन की भागीदारी रही।


